राजस्थान के कई जिलों में झमाझम बरसात: जयपुर में तूफानी बारिश-ओले, धौलपुर में 5 महिलाओं पर बिजली गिरी

    0
    508

    जयपुर। भीषण गर्मी से जूझ रहे प्रदेश में बुधवार को मौसम ने फिर जोरदार पलटा खाया। जयपुर में दोपहर में पहले जोरदार अंधड़ आया। उसके बाद कुछ मिनट के लिए तेज बारिश का दौर चला। राजधानी में तेज अंधड़ के कारण कई होर्डिंग और पेड़ गिर गए। शहर के चांदपोल और टोक रोड़ इलाके में बारिश में कुछ देर के लिए ओले भी गिरे। प्रदेश का अधिकतम तापमान औसतन 10 डिग्री तक गिर गया है। जयपुर से सटे सीकर जिले में भी बारिश के कारण मौसम सुहावना हो गया।

    कई जिलों में अंधड़, बारिश-ओले का अलर्ट
    मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के मुताबिक आज बाड़मेर, टोंक, झालावाड़, जयपुर, धौलपुर, दौसा, चित्तौड़गढ़, बूंदी, भीलवाड़ा, भरतपुर, बारां, अलवर, अजमेर में आंधी चलने और कहीं-कहीं बादल छाने के साथ हल्की बारिश और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। झुंझुनूं, सीकर जिलों के लिए भी ऐसी संभावना है।

    धौलपुर में पेड़ पर गिरी आसमानी बिजली
    धौलपुर में सरमथुरा उपखंड के बरौली गांव के धोरिया का कुआं के पास मंगलवार शाम बिजली गिरने से पांच महिलाएं घायल हो गईं। ये पानी भरने गई थीं। मौसम खराब होने की वजह से बर्तनों को कुएं पर छोड़ पास के चिरगोली के घने पेड़ के नीचे खड़ी हो गई थीं।

    5 महिलाए हुई घायल
    हादसे में बरौली गांव की रामदुलारी (50) पत्नी गुमान सिंह मीणा, कमला देवी (38) पत्नी बहादुर सिंह मीणा, राजकुमारी (35) पत्नी रामकेश मीणा के साथ रवीना (22) पुत्री कन्हैया मीणा और नीतू पुत्र ओमप्रकाश मीणा घायल हो गईं। इनमें से रामदुलारी और राजकुमारी का बाड़ी अस्पताल में उपचार चल रहा है।