
जयपुर। राजस्थन में मंत्रिमंडल विस्तार का काउंटडाउन शुरू हो गया है। गहलोत सरकार में एक से ज्यादा पद रखने वाले तीन मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया है, जिसे स्वीकार भी कर लिया गया है। इन तीन मंत्रियों में रघु शर्मा, हरीश चौधरी और गोविंद सिंह डोटासरा का नाम शामिल है। तीनों ने अपना इस्तीफा कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेजा है।
गहलोत मंत्रिमंडल में अब 12 मंत्रियों के पद खाली
इस्तीफा देने वाले नेताओं के पास अब संगठन में पद रह गए हैं। डोटासरा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हैं, हरीश पंजाब और रघु गुजरात कांग्रेस प्रभारी हैं। इन सभी ने एक व्यक्ति एक पद के सिद्धांत के चलते तीनों ने इस्तीफा दिया है। ताजा इस्तीफों को मिलाकर अब गहलोत मंत्रिमंडल में 12 पद खाली हो गए हैं।
21-22 नवंबर को हो सकता है मंत्रिमंडल विस्तार
सूत्रों के मुताबिक, गहलोत कैबिनेट का विस्तार 21 या 22 नवंबर को हो सकता है। सूत्रों के मुताबिक 12 नए मंत्री शपथ ले सकते हैं। सचिन पायलट गुट के पांच विधयाक मंत्री बनाए जा सकते हैं। कुछ मंत्रियों के विभाग भी बदले जा सकते हैं। पायलट गुट की ओर से हेमाराम चौधरी, दीपेंद्र सिंह शेखावत, रमेश मीणा, बृजेंद्र ओला और मुरारी लाल मीणा के नाम मंत्री पद की दौड़ में शामिल हैं।