उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज सुबह अयोध्या पहुंचे। मुख्यमंत्री का पदभार संभालने के बाद योगी पहली बार अयोध्या आए हैं। यहां उन्होंने हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की और रामलला के दर्शन किए। सीएम योगी आदित्यनाथ ने सरयू नदी के किनारे भी पूजा अर्चना की। इसके बाद दिनभर पूर्वनियोजित आयोजनों में व्यस्त रहे।
अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करने वाले दूसरे मुख्यमंत्री:
यह गौरतलब है, कि योगी आदित्यनाथ उत्तरप्रदेश के ऐसे दूसरे मुख्यमंत्री है, जिन्हौने अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन किये है। योगी से पहले 2002 में तत्कालीन मुख्यमंत्री व देश के वर्तमान गृहमंत्री राजनाथ सिंह रामलला गए थे। उत्तरप्रदेश के अधिकतर मुख्यमंत्रियों ने अयोध्या को रामजन्मभूमि के स्थान पर विवादित भूमि की तरह देखा। इसलिए अपने वोटबैंक को बनाए रखने के लिए, वे रामलला नहीं गए। अल्पसंख्यक समुदाय के तुष्टिकरण की राजनीति के कारण इन राजनेताओं ने रामलला को अपने से दूर रखा। लेकिन योगी आदित्यनाथ ने अपनी स्वच्छ और धर्मनिरपेक्ष नीति से राजनीति के सभी पैमानों को ध्वस्त कर दिया।
राम मंदिर निर्माण के यकीन को मिला बल:
योगी के इस अयोध्या दौरे से रामजन्मभूमि पर जल्द ही राम मंदिर बनने के यकीन को बल मिला है। केंद्र और राज्य में पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा सरकार का शासन होने के कारण करोड़ों हिन्दू धर्मावलम्बियों को अब अयोध्या की जन्मभूमि पर राम मंदिर बनने की पूरी संभावना नज़र आती है। और योगी की हिंदुत्व वाली छवि इस संभावना को मुखर कर रही है। यह इत्तेफाक ही है कि मंगलवार को लखनऊ में सीबीआई की विशेष अदालत ने वर्ष 1992 के बाबरी मस्जिद विध्वंस मामले में भाजपा के दिग्गज नेताओं लालकृष्ण आडवाणी, एमएम जोशी, केंद्रीय मंत्री उमा भारती और नौ अन्य लोगों के खिलाफ आरोप तय किए थे। और अगले ही दिन भाजपा के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अयोध्या दौरे का कार्यक्रम हुआ है। मुख्यमंत्री योगी के अयोध्या दौरे को देखते हुए वहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। मुख्यमंत्री का विशेष सुरक्षा दस्ता हरपल चौकस नज़र आया।
यह रहा योगी के अयोध्या दौरे का दिनभर का कार्यक्रम:
आज योगी आदित्यनाथ सुबह 9 बजे से शाम 5:30 बजे तक आठ घंटे से अधिक समय तक अयोध्या में रहे। इस दौरान उन्हौने अयोध्या में कई कार्यक्रमों में शिरकत की।
सुबह 8.35 बजे लखनऊ से रवाना होकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 9 बजे फैजाबाद हवाई पट्टी पहुंचें। वहां से अपने काफिले के साथ सुबह 9:20 बजे- अयोध्या के हनुमानगढ़ी जाकर पूजा की। और 11:00 बजे तक हनुमानगढ़ी के साथ ही रामलला, राम की पैड़ी के दर्शन करके सरयू नदी की पूजा – अर्चना की।
सुबह 11.25 बजे अवध विश्वविद्यालय के सभागार में पार्टी संगठन के पदाधिकारियों से विचार-विमर्श की। फिर दोपहर 12:00 बजे से 2:30 बजे तक अवध विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में ही फैजाबाद मंडल के विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। और क्षेत्र में विकासकार्यों की गति बढ़ाने की बात कही। फिर योगी आदित्यनाथ दोपहर 2:50 बजे से 3:30 बजे तक अयोध्या के दिगंबर अखाड़ा में रहे। इस दौरान उन्हौने वहां सम्बोधन दिया। बाद में करीब 3:35 बजे से 4:35 बजे तक योगी आदित्यनाथ ने दीनबंधु नेत्र चिकित्सालय का निरीक्षण किया तथा वहां की सरकारी व्यवस्थाओं की जांच की। और फिर कुछ देर के लिए महंत नृत्य गोपाल दास के जन्मोत्सव में शामिल हुए। इसके बाद शाम 5 बजे योगी आदित्यनाथ ने यहाँ फैजाबाद के प्रधान डाकघर में पासपोर्ट सेवा का उद्घाटन किया। और आखिर शाम 5:35 बजे अपने अयोध्या दौरे का समापन कर मुख्यमंत्री योगी फैजाबाद से लखनऊ के लिए रवाना हो गए।