जयपुर। जम्मू कश्मीर में आतंकियों के हमले में मारे गए हनुमानगढ़ जिले के निवासी विजय बेनीवाल का शुक्रवार को उनके पैतृक गांव भगवान में अंतिम संस्कार किया गया। मृतक विजय का शव आज सुबह कश्मीर से भगवान गांव पहुंचा। गांव के श्मशान घाट पर गमगीन माहौल में विजय का अंतिम संस्कार हुआ। इस दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने विजय को अंतिम विदाई दी। कश्मीर में लगातार गैर कश्मीरियों की हत्या पर आक्रोश जताते हुए सरकार से आतंकियों पर सख्त कार्रवाई की मांग भी की है।
दो महीने पहले हुई थी शादी
बैंक मैनेजर विजय की करीब 2 महीने पहले ही शादी हुई थी। कुछ वक्त पहले ही पत्नी विजय के साथ कश्मीर आई थी। बताया जाता है कि गोली लगने के बाद उन्हें अस्पताल लेकर जाया गया था, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। आतंकियों ने बैंक में घुसकर उन पर गोलियां चलाई थीं। विजय कुमार के पिता कहते हैं। दूर-दराज के छोटे-छोटे बैंकों में पीओ मैनेजर होता है। बेटा परीक्षा की तैयारी भी कर रहा था ताकि उसे दूसरी जगह ब्रांच मैनेजर की नौकरी मिल सके। हम चाहते थे बेटा वापस राजस्थान आ जाए।
परिवार में मच गया कोहराम
विजय कुमार कुलगाम जिले के अरेह मोहनपोरा स्थित इलाकाई देहाती बैंक (EDB) में मैनेजर के पद पर तैनात थे। आज सुबह करीब 7 बजे विजय की पत्नी अपने पति का शव लेकर भगवान गांव पहुंचीं। बेटे का शव देखकर पिता बेसुध हो गए। कुछ ही देर में अंतिम संस्कार कर दिया गया। विजय ने जुलाई में गांव आने का वादा किया था। शादी के बाद से ही एक बार भी गांव नहीं आए थे। वह अपना कैडर चेंज करवाना चाहते थे और इसके लिए एग्जाम भी दिया था।