शादीशुदा बहन के चरित्र पर शक, झगड़े के बाद कुल्हाड़ी से काट डाली गर्दन

    0
    876

    जयपुर। प्रदेश के हनुमानगढ़ में एक भाई ने चरित्र पर शक को लेकर अपनी शादीशुदा बहन की हत्या कर दी। दिल को दहला देने वाली यह वारदात जिले के पीलीबंगा इलाके से सामने आई है। खबरों के अनुसार, यहां पर भाई ने अपनी सगी बड़ी बहन के चरित्र पर शक करते हुये उसे मौत के घाट उतार दिया। छोटे भाई ने बड़ी बेरहमी से बड़ी बहिन की गर्दन को कुल्हाड़ी से काट डाला और मौके से फरार हो गया। मृतका के पिता ने अपने बेटे के खिलाफ बेटी की हत्या करने का मामला दर्ज कराया है।

    भाई बहन के बीच हुई थी बहस
    मृतक युवती इंदिरा के पिता मंगा सिंह ने बताया कि बेटे गगनदीप ने रविवार रात 9 बजे वारदात को अंजाम दिया। मारपीट के दौरान कुल्हाड़ी से बेटे ने बेटी इंदिरा की गर्दन पर वार कर दिया। इससे इंदिरा की मौके पर ही मौत हो गई। भाई बहन के चरित्र पर संदेह करता था। इसे लेकर दोनों में बहस हो रही थी। झगड़ा इतना बढ़ा कि भाई ने बहन पर कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जिस कुल्हाड़ी से वार किया गया था उसको भी जब्त कर लिया गया। पुलिस आरोपी भाई की तलाश कर रही है।