दूसरी शादी के लिए तैयार नहीं थी विधवा, ससुराल वालों ने काट दी जीभ और नाक

    0
    754

    जैसलमेर। प्रदेश में लगातार अपराधिक घटना बढ़ती ही जा रही है। हाल ही में जैसलमेर जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां दोबारा शादी से मना करने पर एक विधवा महिला की नाक और जीभ काट दी गई। गंभीर रूप से घायल महिला का जोधपुर में इलाज चल रहा है। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है। पीड़ित महिला के भाई ने उस संबंध में सांकड़ा थाने में मामला दर्ज करवाया है।

    दूसरी शादी के लिए राजी नहीं थी महिला
    पुलिस के अनुसार, यह मामला जगीरों की ढाणी का है। यहां एक विधवा पर उसके ससुराल पक्ष के लोग एक अन्य शख्‍स से शादी करने का दबाव डाल रहे थे। महिला इसके लिए राजी नहीं हो रही थी। आरोप है कि इससे गुस्‍साए ससुराल वालों ने महिला के नाक और जीभ को काट दिया। महिला को गंभीर हालात में जोधपुर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी जानू खान को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है। उनके संभावित ठिकानों पर पुलिस दबिश दे रही है, लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है।

    6 साल पहले हुई थी शादी
    पुलिस के अनुसार, पीड़िता के भाई जगीरों की ढाणी निवासी बसीर खान की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया गया है कि उसकी बहन की शादी 6 वर्ष पूर्व जगीरों की ढाणी निवासी कोजे खान के साथ हुई थी। शादी के एक वर्ष बाद कोजे खान की मौत हो गई। इसके बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग ससुराल के अन्य व्यक्ति के साथ शादी के लिए उस पर दबाव डाल रहे थे, लेकिन उसकी बहन इसके लिये मना कर दिया।