MannKiBaat: पीएम मोदी ने की जल संरक्षण की अपील तो वसुंधरा राजे ने गिनाई जल स्वावलंबन अभियान की खूबियां

0
3398
जयपुर। लोकसभा चुनाव में भारी जीत के बाद आज रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने दूसरे कार्यकाल में मन की बात कार्यक्रम के जरिये राष्ट्र को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम करीब चार महीने बाद हो रहा है। इतने लंबे समय के बाद आप लोगों से संवाद का अवसर मिला है, जो मेरे लिए सुखद अनुभूति है। प्रधानमंत्री मोदी का यह कार्यक्रम स्वच्छता, जल संरक्षण तथा योग आदि मुद्दों पर केंद्रित रहा। साथ ही उन्होंने देश के विशाल हिस्सों में बड़े पैमाने पर सूखे से निपटने के लिए जल संरक्षण पर जोर दिया।
राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने जल सरंक्षण के मुद्दे पर पीएम मोदी की अपील का समर्थन किया है। राजे ने ट्विटर पर अपने विचार साझा करते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी ने आज जल समस्या पर चिंता जाहिर की है। आइए उनकी अपील पर हम सभी मिलकर प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझें तथा जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाएं।

इसके साथ ही वसुंधरा राजे ने गत भाजपा सरकार की मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान का भी जिक्र किया। राजे ने लिखा कि इस अभियान के तहत हमने प्रदेश में करीब साढ़े तीन लाख जल संचयन ढांचों का निर्माण करवाया था। साथ ही 88 लाख से अधिक पेड़ लगाए थे।

राजे ने अपने तीसरे ट्वीट में मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान को एक ऐसी सकारात्मक पहल बताया जिसके परिणामस्वरूप प्रदेश के भूजल स्तर में अप्रत्याशित वृद्धि हुई तथा इस अभियान की सफलता के बाद दूसरे देशों ने भी भाजपा सरकार के प्रोजेक्ट को अपनाया।