जयपुर। एक नजर राजस्थान की पांच प्रमुख खबरों पर
डूडी को शिकस्त देकर सीएम पुत्र बने RCA प्रमुख
लम्बे नाटकीय घटनाक्रम के बाद आज राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (आरसीए) चुनाव के परिणाम आ चुके हैं। आरसीए अध्यक्ष पद पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत ने जीत हासिल कर ली है। लोकसभा अध्यक्ष सीपी जोशी के गुट के माने जाने वाले वैभव को 25 वोट मिले हैं जबकि डूडी गुट के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रामप्रकाश चौधरी को उनके मुकाबने मात्र 6 वोट ही मिले हैं। हालांकि चुनावों से पहले ही जोशी गुट अपनी जीत के दावे कर रहा था। चुनावी प्रक्रिया आज शुक्रवार को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक हुई जिसमें 32 में से 31 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जबकि अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी गगन खोड़ा अपना वोट नहीं डाल सके।
चट्टान गिरने से दो बच्चियों की मौत, पांच लोग घायल
सराड़ा (उदयपुर)। कातनवाड़ा पंचायत के मांडवा गांव में नालुआ माता मंदिर की पहाड़ी पर गुरुवार रात चट्टान गिरने से गरबा देखने आई दो बच्चियों की मौत हो गई। इस हादसे में पांच और लोग घायल हो गए, जिनमें से एक बच्ची की हालत गंभीर बताई गई है। ग्रामीणों ने बताया कि रात करीब 10 बजे नालुआ माता के दर्शन कर कुछ बच्चे और महिला-पुरुष गरबा देखने मंदिर के पास बने पंडाल से सटी चट्टान के पास जा पहुंचे थे। चट्टान एकाएक दरक कर आ गिरी।
पोलो खेलते हुए घायल हुए खेल मंत्री
प्रदेश के खेल मंत्री अशोक चांदना गुरुवार को पोलो खेलते हुए गंभीर रूप से घालय हो गए। जयपुर के कैवेलरी ग्राउंड में खेले जा रहे पोलो मैच में उतरे चांदना हादसे का शिकार हुए। गोल को रोकने के लिए चांदना ग्रुप के खिलाड़ी ने शॉट खेला जो सीधे अशोक चांदना की नाक के पास जाकर लगा जिसके बाद उनकी नाक से खून से बहने लगा। ग्राउंड पर मौजूद मडिकल स्टाफ ने उनका प्राथमिक उपचार किया। खून ना रुकने के कारण उन्हें पास के एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया।
आतंकियों को लेकर जयपुर में हाई अलर्ट
त्योहारों के सीजन में देश की राजधानी दिल्ली समेत अन्य प्रमुख शहरों पर आतंकी हमले का साया मंडरा रहा है। प्रदेश की राजधानी जयपुर में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। जैश-ए-मोहम्मद के तीन से चार आत्मघाती आतंकी, जिनमें दो पाकिस्तानी भी हैं, दिल्ली में घुस चुके हैं। ये दिल्ली और आसपास के शहरों को अपना निशाना बना सकते हैं। पुलिस की स्पेशल सेल ने बुधवार रात को जयपुर शहर के नौ ठिकानों पर छापा मारा। दो संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
कर्मचारियों को हाई कोर्ट से मिली बड़ी राहत
राजस्थान हाई कोर्ट से प्रदेश के लाखों राज्य कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है। हाई कोर्ट ने राज्य सरकार के उस नोटिफिकेशन की पालना पर रोक लगा दी है, जिसमें कर्मचारियों के वेतन व पेंशन से रिकवरी करने के आदेश जारी किए थे। कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस मोहम्मद रफीक की खण्डपीठ ने राजस्थान वाटर वर्क्स कर्मचारी संघ की याचिका पर सुनवाई करते हुए रिकवरी पर यह रोक लगाई है।